सयानी नानी और उनका कद्दू
बिटिया से मिलने निकली सयानी नानी का सामना भूखे भेड़िए और बाघ से होता है। वापसी में वे कद्दू के भीतर छिपकर अपनी जान बचाती हैं।
नानी अपनी बिटिया से मिलने जंगल के रास्ते निकलती हैं, लेकिन राह में भेड़िया और बाघ उन्हें खाने की धमकी देते हैं। बिटिया की तरकीब से नानी कद्दू में छिपकर लौटती हैं। जब दोनों जानवर आपस में झगड़ते हैं, तो नानी बच निकलने का मौका पा जाती हैं।
एक थीं नानी, बड़ी सयानी, चलीं वो मिलने बिटिया रानी।
राह में भूखा भेड़िया आया, नानी को देख जी ललचाया। बोला, “तुझको खा जाऊँगा, अपनी भूख मिटाऊँगा!”
नानी बोलीं, “क्या पाएगा? बस हड्डियाँ ही चबाएगा! बिटिया के घर जाने दे, घी और रोटी खाने दे। मोटी होकर लौट के आऊँ, फिर मैं तेरी भूख मिटाऊँ!” भेड़िया बोला, “बात निभाना, जल्दी लौट के वापस आना!”
आगे नानी कदम बढ़ातीं, जंगल वाली राह पर जातीं। तभी वहाँ पर बाघ भी आया, उसने भी जी खूब ललचाया। बोला, “तुझको खा जाऊँगा, अपनी भूख मिटाऊँगा!” नानी बोलीं, “पहले जाऊँ, बिटिया के घर खाना खाऊँ। मोटी होकर लौट के आऊँ, फिर मैं तेरी भूख मिटाऊँ!”
बाघ ने बोला, “भूल न जाना, जल्दी लौट के वापस आना!”
बिटिया ने जब माँ को पाया, दौड़ के उनको गले लगाया। घी और रोटी खूब खिलाई, नानी के चेहरे पर हँसी छाई। चार दिनों तक प्यार लुटाया, फिर घर जाने का दिन आया।
नानी बोलीं, “कैसे जाऊँ? बाघ, भेड़िए से बच पाऊँ?”
बिटिया बोली, “मत घबराना, कद्दू में छिपकर घर जाना!” कद्दू में जा बैठीं नानी, चल पड़ी उनकी सवारी सुहानी!
चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक! चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक! टुनुक-टुनुक, टुनुक-टुनुक! चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक!
कद्दू लुढ़का, जंगल आया, बाघ ने उसको पास बुलाया। “कद्दू, कद्दू, कहाँ है नानी? कहीं दिखी वो बूढ़ी सयानी?” अंदर से आवाज़ ये आई, “नानी-वानी कौन है भाई? मुझे नहीं कुछ पता-ठिकाना, चल रे कद्दू, चलते जाना!” चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक! चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक!
कद्दू भागा, बाघ भी भागा, उसके मन में शक था जागा। भेड़िए ने आगे अड़ंगा डाला, कद्दू से नानी को निकाला। “धोखा देकर कहाँ जाएगी? अब तू मुझसे बच न पाएगी! अब तो मैं तुझे खा जाऊँगा, अपनी भूख मिटाऊँगा!”
इतने में फिर बाघ भी आया, उसने भी अपना हक जताया। “मैं खाऊँगा!” “मैं खाऊँगा!” “नानी को तो मैं खाऊँगा!” दोनों ने जब शोर मचाया, नानी ने अच्छा मौका पाया!
नानी चुपके से मुसकाईं, कद्दू में फिर जा समाईं। धीरे से आवाज़ लगाई, कद्दू ने फिर चाल बढ़ाई। चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक! चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक! लड़ते रह गए दोनों प्राणी, जान बचाकर निकलीं नानी!
चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक! चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक!
टुनुक-टुनुक, टुनुक-टुनुक! चल मेरे कद्दू, टुनुक-टुनुक!